चेक बुक 24 तक कोषालय में जमा करने के निर्देश

दंतेवाड़ा, 17 मार्च 2025। वित्तीय वर्ष 2024-25 का समापन 31 को होगा। कोषालय अधिकारी ने परिपत्र जारी करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 में समस्त आहरण अधिकारियों से चेक बुक कोषालय में 24 को संध्या 5:30 बजे तक अपने एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारियों के धनादेश पुस्तिका जिला कोषालय दंतेवाड़ा में जमा करने कहा है। वहीं उपयोग किए गये तथा निरंक चेक का विवरण कोषालय को चेक बुक के साथ देने को कहा है। अत्यावश्यक परिस्थितियों में 26 तारीख से 28 तक कोषालय अधिकारी संचालक बजट से उनके ई-मेल आईडी- dir-budget.cg@gov.in के माध्यम से स्वीकृति प्राप्त कर संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी को चेक बुक उपलब्ध करायेंगे, जिस पर संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी के हस्ताक्षर एवं कोषालय अधिकारी द्वारा प्रति हस्ताक्षर किये जाएंगे। इसके अलावा कंडिका 2 अनुसार अतिआवश्यक परिस्थिति में अधोहस्ताक्षरकर्ता को तत्काल अवगत करावें ताकि संचालक बजट रायपुर से ई-मेल के माध्यम से धनादेश निकासी हेतु अनुमति समय पर ली जा सके।वित्तीय वर्ष के लेन-देन की समाप्ति के पश्चात् आहरण एवं संवितरण अधिकारी की प्राप्ति अभिस्वीकृति लेकर चेक बुक वापस किया जा सकेगा। पूर्व में जारी समस्त चेकों का भुगतान 30 तक सुनिश्चित किया जावे तथा पूर्व में जारी धनादेश पुस्तिका पर 31 के बाद भुगतान योग्य नहीं की रबर मोहर अनिवार्यतः अंकित करें।