पूजा अर्चना कर नपाध्यक्ष ने सम्हाला कामकाज
 
                महासमुंद। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मंगलवार को पूजा-अर्चना पश्चात नपा में प्रवेश कर कामकाज सम्हाला। सर्वप्रथम अपने श्रीनिवास से अपनी माता के साथ स्वयं कार चलाते हुए नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू पालिका कार्यालय पहुंचे। उनकी माता लड्डू गोपाल को फूलों की सेज पर बिठाए लेकर पहुंची थीं। पालिका के प्रवेश द्वार पर पहुंचते ही साहू का पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने गजमाला से स्वागत किया। स्वागत उपरांत नगर पुरोहित पंडित पंकज तिवारी ने अध्यक्ष कक्ष में पूजा संपन्न कराया। पंडित तिवारी ने बताया कि आज द्वादश के दिन ही भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक हुआ था। आज के दिन शुरू किए कार्य अवश्य सफल होते हैं। पूजा में पालिकाध्यक्ष की माता सीता साहू, पिता मनोजकांत साहू,  सभी 30 वार्डों के पार्षद , पूर्व पार्षद, कार्यकर्ता, समर्थक, पालिका के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
‘हम सब मिलकर शहर विकास की एक लंबी रेखा खींचेंगे’
नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर पालिका के आधिकारी-कर्मचारियों ने उनका तिलक वंदन और गजमाला पहनाकर का स्वागत किया और प्रणाम महासमुंद छायाचित्र भेंट की। नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सब मिलकर शहर विकास की एक लंबी रेखा खींचेंगे। हम सभी एकजुट होकर एक टीम के रूप में काम करेंगे। शहर में पानी, सफाई और मूलभूत सुविधा के लिए जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर जय किशन सोनी, ललित साहू, शुभम सोना, कृष्ण कुमार वैष्णव, गुमान ध्रुव, मुरारी साहू, अनुराग गुप्ता, चंद्रशेखर पाटकर, महेंद्र जगत, मेहुल निषाद, विशाल सचदेवा आदि उपस्थित रहे।
