समर्पित संस्था की जमाकर्ता शिक्षा व जागरुकता विषय पर कार्यशाला

महासमुंद 27 फरवरी 2025। समर्पित संस्था द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक की जमाकर्ता शिक्षा व जागरुकता कार्यक्रम के तृतीय चरण के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कौंदकेरा में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बैंक उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों व उनके हितार्थ वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरुक करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपसरपंच हृदय लाल साहू, पंच चंद्रिका चंद्राकर, सामाजिक कार्यकर्ता होरीलाल साहू उपस्थित थे। मुख्य अतिथि हृदय लाल साहू ने कहा कि वित्तीय साक्षरता के माध्यम से जमाकर्ता अपनी जमापूंजी का बेहतर उपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ व सुरक्षित कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने उपभोक्ताओं के हितार्थ अनेक योजनाएं बनायी है, आवश्यकता उसे समझकर उसका लाभ उठाने की है। साहू ने कहा कि समर्पित संस्था की इस कार्यशाला में आकर यह महसूस हो रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक की जमाकर्ताओं की यह योजना अपना मूर्त रुप ले रही है और इसके लिए समर्पित संस्था बधाई की पात्र है। उन्होंने कार्यशाला के प्रतिभागियों के प्रश्नों व शंकाओं का समाधान किया। हितेश मिश्रा ने कहा कि उपभोक्ताओं को बैंकों की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी वित्तीय व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना चाहिए। समर्पित संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्य व औचित्य पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में उपस्थित मास्टर ट्रेनर हितेश मिश्रा व विष्णु राव जावलकर ने बैंक खाता खुलवाने, उसका संचालन, बचत योजना, वित्त का प्रबंधन, केवायसी प्रक्रिया, बैंक ऋण, ऋण संबंधित उपभोक्ताओं के अधिकार, जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिंग लोकपाल, चिटफंड कंपनियों, नान बैंकिंग फाइनेंस कंपनी आदि की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी। कार्यशाला को सफल बनाने में संस्था के सचिव नाजनीन अली, पीएल खैरवार, निमेष साहू, ज्योति सिंह, खेमलता चौहान, टिमन साहू, लेखराम साहू आदि का सराहनीय योगदान रहा। उक्त जानकारी संस्था के समन्वयक पीएल खैरवार ने दी।

इन्हें भी पढ़े