बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

उत्तर बस्तर कांकेर, 27 फरवरी 2025। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सम्पूर्ण जिले में बिना अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने पर प्रतिबंधित किया है। उन्होंने इस आशय का आदेश जारी कर कहा है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित की जाने वाली हायर सेकण्डरी, हाईस्कूल, शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षा एक से 28 मार्च के मध्य आयोजित होगी, इससे विद्यालयीन परीक्षा के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में कोई व्यवधान न हो। इसे दृष्टिगत रखते हुए कोलाहल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत तीव्र संगीत, हार्नटाइप, ध्वनि विस्तारक का उपयोग अनुज्ञा के बिना तत्काल प्रभाव से सम्पूर्ण जिला में प्रतिषेध किया गया है।
कलेक्टर ने ध्वनि विस्तारक चलाए जाने के लिए जिले के संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी) को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने प्राधिकृत अधिकारियों को परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र चलाए जाने हेतु नियमानुसार अनुमति के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्राप्त आवेदन पत्र का परीक्षण कर पृथक से अनुमति आदेश जारी करने निर्देशित किया गया है। अनुमति की सूचना संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं थाना प्रभारी तथा कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित करने कहा है।