पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार

महासमुंद। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के पुटका में पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हत्या करने के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
जानकारी के अनुसार आरोपी ग्राम पुटका निवासी शांति कुमार दास (45) पत्नी दिलेश्वरी दास (40) के चरित्र पर शक करता था। जिससे आए दिन दोनों के बीच हमेशा इस बात को लेकर झगड़ा होता था। 24 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे भी इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया था। गुस्से में पति ने डंडे से हमला कर दिया। पत्नी दिलेश्वरी ने दो बार डंडे को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनका हाथ जख्मी हो गया। बाद आरोपी ने उनके सिर पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे गंभीर रुप से घायल दिलेश्वरी की कुछ देर बाद मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी शांति कुमार गांव के अपने परिचित के घर छिपा था। जिसे पुलिस ने मंगलवार को घर में दबिश देकर गिरफ्तार किया। मामले में पुटका निवासी तुलसी वैष्णव पति प्रेमानंद वैष्णव की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।