पंचकोशी यात्रा की थीम पर आधारित राजिम कुंभ कल्प मेला

नवीन मेला मैदान में बनी पंचकोशी यात्रा की झांकी, श्रद्धालुओं को कर रही आकर्षित
गरियाबंद 14 फरवरी 2025/ राजिम कुंभ कल्प 2025 का आयोजन नए स्वरूप में पहले से अधिक आकर्षक और भव्य रूप में दिखाई दे रहा है। कुंभ मेले की साज-सजावट और आकार मेलार्थियो को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। राजिम कुंभ में आस्था, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत समन्वय किया गया है। जहां दिन भर भजन कीर्तन के साथ ही देश के कोने-कोने से आए हुए प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा विशाल मंच में प्रस्तुति देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे है। इस बार राजिम कुंभ पंचकोशी यात्रा की थीम पर बनाया गया है। पंचकोशी यात्रा की महत्ता को लोगों तक पहुंचाने चौबेबाँधा के नये मेला मैदान में इसकी झांकी का निर्माण किया गया है। राजिम मेला में सबसे ज्यादा मेलार्थी पंचकोशी यात्रा की झांकी देखकर श्रद्धाभाव से शीश झुका रहे है। मेलार्थियो को मनोरंजन के साथ ही पंचकोशी यात्रा का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। यहां पंचकोशी यात्रा के पांचों महादेव, स्थल पहुंचने का मार्ग और दूरी से लोग अवगत हो रहे हैं। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में मेला के एक माह पहले पंचकोशी यात्रा निकाली जाती है। जिसमें हजारों श्रद्धालु क्षेत्र के श्री कुलेश्वर महादेव, पटेश्वर महादेव, चंपेश्वर महादेव, ब्रम्हनेश्वर महादेव, फणीकेश्वर महादेव और कोपेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर अपने आप को धन्य करते हैं। पंचकोशी पदयात्रा की शुरुवात राजिम त्रिवेणी संगम के बीचों बीच स्थित कुलेश्वर महादेव में पूजा पाठ कर की जाती है। जिसका समापन भी कुलेश्वर मंदिर में पूजा पाठ से होता है। श्रद्धालु पैदल चलकर 5 पड़ाव में 5 शिवलिंगों का दर्शन करते हैं।
पटेश्वर महादेव से शुरू होती है यात्रा – पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का पहला पड़ाव पटेवा के पटेश्वरनाथ मंदिर में होता है। इसके बाद चंपेश्वरनाथ, बम्हनेश्वरनाथ, फणेश्वरनाथ और कोपेश्वरनाथ के दर्शन के बाद श्रद्धालु कुलेश्वरनाथ मंदिर पहुंचते हैं। राजिम से पांच किलोमीटर दूर ग्राम पटेवा में स्थित पटेश्वर महादेव अन्नब्रम्हा के रूप में पूजे जाते है। सुबह पूजा अर्चना पश्चात श्रद्धालु अगले पड़ाव में चंपेश्वर महादेव के लिए निकल जाते हैं। चंपारण में स्थित चंपेश्वर महादेव राजिम से उत्तर दिशा में 14 किलोमीटर दूर स्थित है। चंपेश्वर महादेव में स्वयं भू-शिवलिंग है। यहां से तीसरा पड़ाव ब्रम्हनेश्वर होता है, जो चम्पारण से 9 किलोमीटर की दूरी पर उत्तर-पूर्व की ओर महासमुंद जिले के बम्हनी गांव में स्थित है। जहां बम्हनेश्वर शिवलिंग पर शंभू का अघोररूप उकेरा हुआ है। माता उमा देवी इनकी शक्ति है। भक्त ऐसा विश्वास करते है कि इस स्वरूप का जो एक बार दर्शन कर लेते है वे कभी भयभीत नहीं होते। यहां से चौथा पड़ाव गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर में स्थित फणीकेश्वर महादेव है। यहाँ शिवलिंग की इशानरूप में पूजा की जाती है इनकी अर्धागिंनी माता अंबिका है। मान्यता है कि वे भक्तों को शुभ गति देते है। यहां से अगले पड़ाव में कोपेश्वर महादेव मंदिर पड़ता है। गरियाबंद जिले के ग्राम कोपरा में कोपेश्वर महादेव का मंदिर स्थित है। यहां महादेव की पूजा वामदेव के रूप में की जाती है। इनकी पत्नी माता भवानी है, जो आनंद का प्रतीक है। कोपेश्वर दर्शन के बाद श्रद्धालु त्रिवेणी संगम बीच स्थित भगवान कुलेश्वर महादेव के दर्शन कर यात्रा का समापन करते हैं।
पंचकोशी यात्रा मनोवांछित फल की होती है प्राप्ति – पंचकोशी यात्रा में पहुंचे श्रद्धालुगण सिर में अपने रोजमर्रा के सामान को लादकर महादेव तथा राम सिया-राम नाम का उच्चारण करते हुए निकलते हैं। रास्ते भर कहीं पर पथरीले तो कहीं पर ऊबड़खाबड़ सडक़ को पार करते हुए आगे बढ़ते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस यात्रा से सभी दुख और दरिद्रता दूर हो जाती है। यात्रा से अध्यात्मिक शांति मिलती है। सभी तीर्थों के दर्शन का लाभ मिलता है। मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। यह यात्रा पांच विकारो काम, क्रोध, मोह, लोभ और मद से मुक्ति दिलाने में सहायक है।
श्रद्धालु लेते हैं सूखा लहर – पंचकोशी यात्री जैसे ही हथखोज स्थित शक्ति लहरी माता के दरबार में पहुंचती है यहाँ परसा पान चढ़ाकर नारियल, अगरबत्ती, धूप समर्पित किया जाता है। मकर संक्रांति के दिन नदी में सूखा लहरा लिया जाता है। इससे पहले रेत से शिवलिंग बना कर आराधना की जाती है फिर दोनों हाथ जोडक़र नदी में सूखा लहरा लिया जाता है।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.