कस्तूरबोड़ में तीन दिवसीय अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन

महासमुंद। विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम कस्तूरबोड़ में तीन दिवसीय अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रदेशभर से आई टीमों के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फाइनल मुकाबले में विजेता टीम का चयन हुआ और विजेता-उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। दूसरे दिन के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू ने कबड्डी को भारतीय संस्कृति और अनुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि कबड्डी न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता और अनुशासन का भी पाठ सिखाता है। ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल मनोरंजन है बल्कि यह युवाओं में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति दृढ़ता पैदा करता है। ग्रामीण इलाकों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं जिला पंचायत सदस्य अल्का चंद्राकर, जिला कोषाध्यक्ष थानसिंह दीवान, भाजपा नेता विवेकानंद ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष बागबाहरा डिंपल ध्रुव, खल्लारी के पूर्व मंडल अध्यक्ष धरम दीवान, कोमाखान मंडल अध्यक्ष नितिन जैन, खलारी मंडल अध्यक्ष लोकेश पनोरिया, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दुबेलाल साहू, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जसराज बाला चंद्राकर, जिला कोषाध्यक्ष युवा मोर्चा नरेंद्र बग्गा, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू, समाजसेवी पवन शराफ आदि उपस्थित रहे।