समय-सीमा की बैठक, आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन जल्द कराएं- कलेक्टर

उत्तर बस्तर कांकेर, 24 दिसम्बर 2024। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने विभागवार एवं अनुविभागवार लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उचित निराकरण हेतु निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने जिले के शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना योजना लागू की गई है, जिसके तहत सभी शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों और च्वाईस सेंटरों में पंजीयन किया जा रहा है। उन्होंने इस कार्य में तेजी लाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया, जिससे कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों (एपीएल एवं बीपीएल दोनो श्रेणी) को 05 लाख रूपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विगत सप्ताह के लंबित प्रकरणों के निराकरण की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जन शिकायत एवं विभागीय पोर्टल में एक माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजस्व विभाग के अनिराकृत पुराने प्रकरणों का गंभीरता से निराकरण करने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। इसी तरह स्कूलों में बनाए जा रहे जाति प्रमाण-पत्र के लिए मिशन मोड पर काम करने के निर्देश सभी एसडीएम एवं जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए कैम्प लगाकर राजस्व विभाग के मैदानी अधिकारियों के समन्वय से यह कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। इसके अलावा पुराने शासकीय वाहनों के अपलेखन की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला न्यास निधि सहित सांसद, विधायक निधि मद के अंतर्गत स्वीकृत देवगुड़ी, घोटुल सहित विभिन्न अप्रारंभ एवं अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी को दिए। सीईओ श्री मंडावी ने इस दौरान 28 दिसम्बर को जनपद सदस्यों एवं पंच, सरपंचों के पदों के आरक्षण तथा 29 दिसम्बर को जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य के आरक्षण की कार्यवाही के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को दी।
बैठक में कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजनांतर्गत चयनित ग्रामों में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। पीएम जनमन के तहत नरहरपुर विकासखण्ड में स्वीकृत सभी आवासों को यथाशीघ्र पूर्ण करने के लिए जनपद पंचायत के सीईओ को निर्देशित किया। इस दौरान धान खरीदी की जानकारी लेते हुए उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव कार्य में तेजी लाने के लिए खाद्य अधिकारी को निर्देश दिए। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 5 लाख 44 हजार मेट्रिक टन धान खरीदी के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 02 लाख 15 हजार मेट्रिक टन की खरीदी की जा चुकी है। इसी तरह रकबा समर्पण के मामले में जिले के 1400 किसानों द्वारा रकबा समर्पण किया गया, जो राज्य में प्रथम स्थान पर है। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की अनुविभागवार एवं विभागवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएफओ डी.पी. साहू, हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर बी.एस.उईके एवं जितेन्द्र कुमार कुर्रे सहित जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।