लिंग आधारित हिंसा समाप्ति जागरूकता अभियान
दंतेवाड़ा, 27 नवंबर 2024। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस एवं मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसका उद्देश्य बाल विवाह, कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा की रोकथाम, पॉक्सो, सी बाक्स, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के विषयों पर जन जागरूकता बढ़ाना है। इसी परिप्रेक्ष्य में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला दंतेवाड़ा में लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं के संबंध में संचालित विभिन्न योजनाओं, वैधानिक अधिकार घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, सखी के उद्देश्यों व 24 घंटे दी जाने वाली आवश्यक सेवायें, अल्पकालीन रूकने की सुविधा एवं महिला हेल्पलाइन 181, बाल विवाह के रोकथाम, बाल शोषण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गयी। इसके अलावा बाल विवाह रोकथाम हेतु शपथ ग्रहण एवं लिंग आधारित हिंसा समाप्ति हेतु रैली निकाली गयी। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता महिला संरक्षण अधिकारी श्रीमती मनीषा ठाकुर, सखी प्रभारी श्रीमती संगीता देवांगन एवं श्रीमती ममता ठाकुर थे। कार्यक्रम में सखी सेंटर से रेखा सिंह, दिव्या भारती, शिक्षक गण एवं स्कूली छात्राएं उपस्थित रहे।
