जनदर्शन में निवास प्रमाण-पत्र की गुहार, कलेक्टर के आदेश पर तत्काल मिली राहत

कोरिया, 12 नवम्बर 2024। ग्राम सरडी की कुमारी जयंती राजवाड़े के जाति और निवास प्रमाण-पत्र के लिए महीनों से परेशान परिवार को आखिरकार राहत मिली। जनदर्शन में मंगलवार को उनके भाई प्रवीण राजवाड़े ने कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी से अपनी समस्या साझा की। कलेक्टर ने उनकी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी को तुरंत प्रमाण-पत्र तैयार करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही महज कुछ घंटों में कुमारी जयंती का जाति और निवास प्रमाण-पत्र बनकर तैयार हो गया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने कहा, ‘हमारी जिम्मेदारी है कि हर व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और उनके काम में कोई भी अड़चन न आए। अधिकारी और कर्मचारी तत्परता से काम करें ताकि पात्र हितग्राही को समय पर लाभ मिले।‘ प्रमाण-पत्र मिलने पर प्रवीण राजवाड़े ने कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनदर्शन में उनकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ और परेशानियों से निजात मिला है।