राजस्व समस्याओं के समाधान के लिए हर माह लगेगा ‘राजस्व पखवाड़ा’
अप्रैल, मई और जून 2026 में 15-15 दिन तक गांवों में लगेंगे शिविर, मौके पर होगा निराकरण
महासमुंद। जिले में राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा विशेष पहल करते हुए “राजस्व पखवाड़ा” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अप्रैल, मई एवं जून 2026 में प्रत्येक माह 15-15 दिनों तक संचालित होगा, जिसमें ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर आमजनों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अप्रैल माह में 01 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक, मई माह में 04 मई से 18 मई 2026 तक तथा जून माह में 01 जून से 15 जून 2026 तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों में उपस्थित रहकर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भू-अभिलेख सुधार सहित आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का शिविर स्थल पर ही शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर विनय कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित तिथियों में राजस्व पखवाड़ा का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान किया जाए। साथ ही शिविरों की प्रगति की जानकारी समय-समय पर शासन को भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने ग्रामों में आयोजित होने वाले राजस्व पखवाड़ा शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और इस पहल का अधिकतम लाभ उठाएं।
