भव्य चुनरी यात्रा के साथ गूंजा महासमुंद, महामाया मंदिर में चढ़ाई गई 51 मीटर की चुनरी
जय मां भवानी दुर्गा पूजा समिति की पहल, मातृशक्ति और युवाओं की बड़ी भागीदारी, नपा उपाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
महासमुंद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जय मां भवानी दुर्गा पूजा समिति, अंबेडकर चौक द्वारा नगर की कुल देवी माता महामाया मंदिर में चुनरी श्रृंगार अर्पित करने हेतु भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। इस दौरान 51 मीटर लंबी चुनरी को मातृशक्ति यात्रा में लेकर चल रही थीं, वहीं यात्रा में बाजा-गाजा, आतिशबाजी और जस गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
यात्रा अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, गांधी चौक और महामाया चौक होते हुए महामाया मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने मिलकर माता महामाया को चुनरी अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाएं जस गीत गाकर माता की भक्ति में लीन नजर आईं।
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी भी शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर समिति के कार्यों की सराहना की और कहा कि समिति द्वारा पिछले पांच वर्षों से निस्वार्थ भाव से चुनरी यात्रा निकालकर माता को अर्पित किया जा रहा है, जो नगर की खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने मां भवानी से क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की।
इस आयोजन में समिति के राकेश मदनकार, दीपक सोनी, बुलु सेवई, सुरेश सोनवानी, शुभम सोनी, देवेश, अमन मदनकार, मोनू औसर, रज्जू देवांगन, कान्हा सोनी, बिट्टू, पियूष, सोनू ध्रुव, नीलू, साहिल औसर, पप्पू बोकड़े सहित वार्ड क्रमांक 14 एवं 19 की मातृशक्ति और युवा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
