जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव स्थगित

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की प्रमुख मांग सहायक शिक्षकों को प्राथमिक शाला प्रधानपाठक के पद पर पदोन्नति को लेकर प्रशासन ने ठोस आश्वासन दिया है। बाद संगठन ने प्रस्तावित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव को स्थगित कर दिया है।
फेडरेशन के जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया। करीब दो घंटे तक चली अहम बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत संवाद हुआ। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सहायक शिक्षक से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कुछ तकनीकी अड़चनों के समाधान हेतु विभाग ने लिखित आश्वासन देते हुए 20 अप्रैल 2026 तक काउंसलिंग एवं पदोन्नति आदेश जारी करने का भरोसा दिया। साथ ही परीक्षा अनुमति 2024-25 के पात्र आवेदकों के आदेश तत्काल जारी करने और अपात्र आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित बीईओ को देने पर भी सहमति बनी। इस सकारात्मक पहल के बाद संगठन की अन्य मांगों पर भी जल्द समाधान का भरोसा दिया गया। परिणामस्वरूप, 27 मार्च को प्रस्तावित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेराव कार्यक्रम को प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन जारी होते ही स्थगित कर दिया गया। बैठक में सिराज बक्श (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष), प्रकाश बघेल (ब्लॉक अध्यक्ष बागबाहरा), पुरुषोत्तम चंद्राकर (जिला उपाध्यक्ष), विजय राजपूत (जिला महामंत्री), भूपेंद्र दीवान (संयुक्त सचिव), सार्वेन्द्र महानदिया, अनिल चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।