निर्वाचक नामावली, संशोधित कार्यक्रम जारी अब 11 को आएगी फाइनल लिस्ट

दुर्ग, 11 नवम्बर 2024। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों के आम निर्वाचन कराए जाने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने संशोधित आदेश (समय अनुसूची) जारी किया गया है। स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वितीय चरण में 13 से दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा इसकी अंतिम तिथि 20 को अपरान्ह 03 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इसी तरह दावा-आपत्तियों कके निपटारे की अंतिम तिथि 24 है, जबकि प्ररूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दावा प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 27 तथा प्राप्त दावों का निराकरण 30 को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण आदेश के विरूद्ध अपील निराकरण आदेश पारित होने के 5 दिवस के भीतर किया जा सकेगा। साथ ही सॉफ्टवेयर में 5 दिसम्बर तक परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन के प्रकरणों की प्रविष्टि की जाएगी। चेकलिस्ट की निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा जांच करवाने तथा पी.डी.एफ. मुद्रण हेतु 7 दिसम्बर तक जिला कार्यालय को सौंपा जाएगा और 10 दिसम्बर तक अनुपूरक सूची का मुद्रण और अनुपूरक सूची को मूल सूची के साथ संलग्न करने के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 11 दिसम्बर को किया जाएगा।