त्यौहार सीजन में विभाग पहुंचा सैंपल इकट्‌ठा करने, पांच को नोटिस जारी

राजनांदगांव 22 अक्टूबर 2024। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों द्वारा आमजनों के बीच स्वच्छ सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराने खाद्य प्रतिष्ठानों में दबिश दी जा रही है। साथ ही व्यापारियों से नियमों का पालन करते हुए खाद्य व्यापार करने कहा जा रहा है। त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को मिलावटी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री से बचाने होटल, रेस्टोरेंट, किराना दुकानों, डेयरी का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डोमेन्द्र धु्रव ने बताया कि विभाग द्वारा स्वागत होटल से पनीर, माँ बम्लेश्वरी रेस्टोरेंट से दाल, जायसवाल किराना से आटा, सांईं ट्रेडर्स से साबूदाना तथा डोंगरगांव के बीकानेर स्वीट्स से काजू कतली, गौतम होटल से कलाकंद, मानसरोवर से काजू कतली सहित 14 से अधिक खाद्य सामग्री को आशंका के आधार पर नमूने जांच हेतु भेजा गया है। साथ ही 5 खाद्य व्यापारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों में उचित रखरखाव नहीं पाये जाने पर नोटिस भी जारी किया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संबंधी शिकायते राज्य हेल्पलाइन नंबर 9340597097 या 7000885404 में दर्ज करा सकते है।