बच्चों के यूडीआईडी कार्ड-दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने विशेष अभियान, जानें कब कहां लगेगा शिविर

दंतेवाड़ा, 22 अक्टूबर 2024। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा, के निर्देशानुसार कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु विशेष अभियान चलाये जाने निर्देशित किया गया है जिसके फलस्वरूप मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कुमार विश्वरंजन द्वारा शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग की समन्वय बैठक लेकर शिविर लगाकर दिव्यांग बच्चों को लाभान्वित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एसके अम्बस्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अजय रामटेके, उप संचालक संतोष टोप्पो, जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप सिंह गौतम, सहायक परियोजना समन्वयक राजेन्द्र पाण्डेय एवं समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड स्त्रोत समन्वयक, बीआरपी एवं स्पेशल एजुकेटर उपस्थित रहे थे।
शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग की समन्वय बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा विकासखण्डवार शिविर लगाकर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु विशेष अभियान के तहत शिविर लगाने का निर्णय लिया जिसमें विकासखण्डवार विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाया जाएगा, इसके उपरांत यदि कोई विशेष आवश्यकता वाले बच्चें छूट जाते है उन्हे जिला स्तर पर शिविर लगाकर लाभ दिया जायेगा। शिविर का आयोजन विकासखण्ड दंतेवाड़ा में 6 नवम्बर , विकासखण्ड गीदम में 9 , विकासखंड कुआकोंडा में 11 , विकासखण्ड कटेकल्याण में 14 एवं जिला स्तर पर 16 को आयोजित किया जायेगा।