शहीद जवानों के सम्मान में पुलिस स्मृति दिवस, शहीद जवानों को श्रद्धांजली
बलरामपुर 21 अक्टूबर 2024। पुलिस लाइन ग्राउंड में भारतीय गणतंत्र में शहीद हुए जवानों के सम्मान में पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल द्वारा अपने कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए जवानों के नामों का वाचन कर सम्मान सूची को स्मारक कोष रखा गया। रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन की अगुवाई में जवानों की टुकड़ी ने शहीदों को सलामी दी। मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते, कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रेना जमील, मुख्य न्यायिक मैजेस्ट्रेट पंकज तिर्की, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय, जनपद अध्यक्ष बलरामपुर विनय पैकरा, उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित, गणमान्य नागरिक ओमप्रकाश जायसवाल, राजेंद्र तिवारी व उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी एवं शहीद परिवारों के द्वारा अमर शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उपस्थित अतिथियों द्वारा शहीद परिवारों को साल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विभिन्न शस्त्रों की प्रदर्शनी भी लगायी गई। कार्यक्रम के पश्चात् विभिन्न प्रकार के खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लम्बी कूद, गोला फेंक शामिल थे। प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही 12वीं बटालियन रामानुजगंज एवं जिला पुलिस के मध्य सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। क्रिकेट में जिला पुलिस बल की टीम विजेता रही। खेल-कूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं को उपस्थित अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
