स्वच्छात वीरों का सम्मान, राज्यपाल ने कहा, जिम्मेदारी केवल सरकार या संस्थानों की नहीं हमारी भी

दुर्ग, 21 अक्टूबर 2024। राज्यपाल रमेन डेका सोमवार को आयोजित स्वच्छता वीर सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यपाल ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत भिलाई नगर को स्वच्छ बनाये रखने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले 55 स्वच्छता वीरों को महात्मा गांधी का छायाचित्र, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय, विधायक रिकेश सेन और विधायक गजेन्द्र यादव भी सम्मलित हुए।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने सम्मान समरोह में शामिल सभी स्वच्छता वीरों को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होने कहा कि आज का यह अवसर हमारे समाज के उन सच्चे नायकों और नायिकाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का है, जिनकी निस्वार्थ सेवा और परिश्रम से हमारा शहर स्वच्छ और स्वस्थ रहता है। राज्यपाल ने कहा कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में सफाई का महत्व बहुत अधिक है, लेकिन इसके पीछे की मेहनत को हम अक्सर नज़र अंदाज़ कर देते हैं। जो कठिन परिश्रम आप करते हैं, वह हमारे पर्यावरण को स्वच्छ बनाता है, हमारे स्वास्थ्य और जीवन स्तर को भी बेहतर करता है। आप सब वास्तव में ‘स्वच्छता वीर’ हैं, क्योंकि आप अपनी सेवाओं से हमें स्वस्थ जीवन जीने का आधार देते हैं।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि अभियान आज समाज को दिशा देने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने कहा कि आज समाज के सभी वर्ग स्वच्छता के महत्व को समझने लगे हैं। श्री पांडेय ने लोगों से स्वच्छता के इस अभियान को आगे भी जारी रखने का आव्हान किया।