वित्तमंत्री ने किया स्वास्थ्य केन्द्र का भूमिपूजन, यात्री प्रतिक्षालय का लोकार्पण भी
रायगढ़ 5 अक्टूबर 2024। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लैलूंगा विकासखंड के लमडांड में 75 लाख की लागत से तैयार होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन किया। वहीं लैलूंगा के सोहनपुर में 4 लाख की लागत से यात्री प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया। मौके पर किसान एवं ग्रामीणों ने धान की बालियां से तैयार खास मुकुट पहनाकर वित्त मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। वित्त मंत्री ने ग्राम पंचायत बसनाझर में 2 करोड़ 38 लाख रूपये की लागत से बने 33/11 सबस्टेशन का लोकार्पण किया। ज्ञात हो कि 33/11 केव्ही सब स्टेशन ग्राम बसनाझर का निर्माण मुख्यमंत्री विद्युत प्रवाह अधोसंरचना विकास योजना के तहत किया गया है। इसके अंतर्गत एक नग 3150 केव्ही का पावर ट्रांसफार्मर सब स्टेशन तथा 12 कि.मी. 33 केव्ही लाईन तथा 4.5 कि.मी.11 केव्ही लाईन का निर्माण कार्य किया गया है। 33/11 केव्ही सब स्टेशन ग्राम बसनाझर का निर्माण कार्य पूर्ण होने से 15 ग्राम लाभान्वित होंगे इससे खरसिया ब्लॉक के ग्राम बसनाझर, कलमी, करपीपाली, आड़ाझर, करूमउहा, भैनापारा, सोनबरसा, फुलबंधिया, आमापाली, लोहाखान, कुकरीझरिया, छोटे मुड़पार, बड़े मुड़पार, गीधा एवं बाम्हनपाली आदि ग्रामों में लो-वोल्टेज तथा अधिक भार की समस्या का निराकरण होगा। उन्होंने वहां सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया। मौके पर लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, विधायक खरसिया श्री उमेश पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
