पोषण माह-सक्षम सप्ताह, कुपोषण की स्थिति को सामान्य स्तर पर लाना पहली प्राथमिकता – कलेक्टर
महासमुंद 28 सितंबर 2024। पोषण माह के अंतर्गत “सक्षम सप्ताह“ का आयोजन 24 से 30 तक किया जा रहा है। इसके तहत स्वामी आत्मानंद हायर सेकेण्डरी स्कूल के सभागार में शहरी परियोजना के समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें विविध व्यंजन, प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर आंगनबाड़ी केन्द्र सक्षम हो। इन आंगनबाड़ी केन्द्रों को अधिक से अधिक जनसमुदाय के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह बच्चों के लिए मां प्रथम गुरू होता है उसी तरह आंगनबाड़ी केन्द्र शिक्षा का पहला केन्द्र है। यहां बच्चे शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और पोषण के संबंध में सही मायने में जागरूक होते है। इसमें आंगनबाड़ी केन्द्रों महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने आज के कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज यहां विविध आयोजन देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने कार्यशाला का शुभारम्भ सरस्वती मां के छायाचित्र में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांव में आंगनबाड़ी केन्द्र स्वास्थ्य और पोषण का प्रथम सीढ़ी है। यहां बच्चे न केवल बच्चे सुपोषित होते है बल्कि खेल-खेल में शिक्षा भी प्राप्त करते हैं। उन्होंने पोषण माह अंतर्गत किए गए गतिविधियों का शासन के पोर्टल में एंट्री के लिए बधाई देते हुए कहा कि पूरे राज्य में महासमुंद जिला प्रथम स्थान पर है। जिसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम बधाई की पात्र हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की सदस्य श्रीमती पुष्पा पाटले ने कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि आंगबनबाड़ी कार्यकर्ताएं वास्तव में एक मां की तरह बच्चों का देखरेख करती है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडेय ने बताया कि सक्षम सप्ताह अंतर्गत सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं व सकारात्मक परिवर्तन को विविध गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमुदाय तक पहुंचाना है। साथ ही लोगों में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान विभिन्न अभियान चलाकर संतुलित आहार के महत्व, फलों और सब्जियों की उपभोक्ता आदतों को बढ़ावा और आवश्यक पोषक तत्वों के बारे में जानकारी दी जाएगी। ।
