सिंचाई पंप कनेक्शन से किसानों के चेहरे में मुस्कान
गरियाबंद 19 सितम्बर 202। जिले के गरियाबंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सढ़ौली में 7 किसान सिंचाई पंप के लिए विद्युत कनेक्शन मिलने से फसल सिंचाई की चिंता से मुक्त हो गये है। पहले ये किसान सिंचाई के लिए परेशान रहते थे। उन्हें फसल के सूखने या कम पैदावार की चिंता सताती थी। पर अब स्थाई पंप कनेक्शन से सिंचाई की सुविधा में बढ़ोत्तरी हुई है। अब ये कृषकगण खरीफ के साथ साथ रबी फसल की पैदावार ले सकेगें। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा किसानों की सहायता के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते हुए विद्युत विभाग द्वारा स्थायी सिंचाई पंप कनेक्शन के लिए विद्युत लाईन विस्तार कार्य पूर्ण करते हुए विद्युत कनेक्शन प्रदान किया गया है। जिससे किसान सिंचाई से संबंधित चिंता से मुक्त होकर खेती-किसानी का काम कर रहे है। शासन की सुविधाओं के तहत कनेक्शन मिल जाने से किसानों ने खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन का आभार जताया है।
कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल गरियाबंद ने बताया कि ग्राम सढ़ौली के 07 किसान श्री अशवन राम हल्बा, श्री मिथलेश चौधरी, श्री मोहनलाल हल्बा, श्री लीलाराम शांडिल्य, श्री बेनुराम हल्बा, श्री उत्तम हल्बा एवं श्रीमती गीतारानी धु्रव द्वारा स्थाई सिंचाई पंप कनेक्शन हेतु आवेदन किया गया था। जिस पर स्वीकृति पश्चात् कार्यादेश जारी किया गया। तत्पश्चात लाईन विस्तार कार्य पूर्ण करते हुये किसानों को विद्युत कनेक्शन प्रदान किया गया है। उक्त उपभोक्ताओं को प्रति कृषक 1 लाख रूपये छूट प्रदान करते हुये उन्हें 7 लाख रूपये छूट तथा 3 लाख 14 हजार 539 रूपये की अतिरिक्त छूट (सेविंग राशि) प्रदान की गई। उक्त कृषक समूह के किसान श्री मिथलेश चौधरी ने बताया कि पहले उन्हें पानी के लिए दिक्कत हो रही थी, अब उन्हें सिंचाई हेतु बहुत ही सुविधा प्राप्त हो रही है। उन्होने कहा कि अब वे दोनों फसल लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार पायेगें। इसके लिये उन्होने छत्तीसगढ़ शासन और विद्युत कंपनी को बहुत बहुत धन्यवाद दिया है। श्री लीलाराम शांडिल्य ने भी छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
