जिला जेल में बंद बंदी की अचानक मौत, चक्कर खाकर गिरने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

बिलासपुर के तिफरा निवासी 2023 से एनडीपीएस मामले में था निरुद्ध, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुबह डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
महासमुंद। जिला जेल में निरुद्ध एक बंदी की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 44 वर्षीय बंदी सैय्यद अशफाक चक्कर खाकर गिर पड़ा था। आनन-फानन में जेल प्रशासन उसे शासकीय मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जेल में बंद बंदी की अचानक मौत की घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान सैय्यद अशफाक पिता सैय्यद यूसुफ (44), निवासी तिफरा, बिलासपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अशफाक वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जिला जेल में निरुद्ध था। बुधवार तड़के अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और चक्कर खाकर गिरने के बाद जेल प्रशासन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा।
अस्पताल के मेडिकल मेमो के अनुसार, 18 नवंबर की सुबह 8:12 बजे उसे कैजुअल्टी विभाग में लाया गया था। उस समय वह बेहोशी की हालत में था और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। चिकित्सकीय परीक्षण में नाड़ी और रक्तचाप दर्ज नहीं हो सका। आंखों की पुतलियां फैली हुई और स्थिर थीं, जबकि कॉर्नियल रिफ्लेक्स भी अनुपस्थित था। ईसीजी जांच में हृदय की कोई गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद डॉक्टरों ने सुबह 8:19 बजे उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल में निरुद्ध बंदी की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत घोषित किए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण क्या था, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.