19 प्रकरणों में 1,385 क्विंटल अवैध धान जब्त, दो पिकअप भी पकड़े

समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होते ही प्रशासन की सख्ती, 15 चेक पोस्ट से सीमावर्ती इलाकों में निगरानी; ओडिशा के दो कारोबारियों का धान भी पकड़ाया
महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक पर अंकुश लगाने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार छापेमारी और जांच कर रही हैं। बीते 17 दिनों में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने अवैध धान के 19 प्रकरण दर्ज कर करीब 1,385 क्विंटल धान जब्त किया है। परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक जिले में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 3,464 कट्टा धान जब्त किया गया है। जब्त धान की मात्रा लगभग 1,385 क्विंटल बताई गई है। इन मामलों में रबी फसल का धान, बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा धान और मंडी अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान ओडिशा के दो कारोबारियों का धान भी पकड़ा गया है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों से धान की अवैध आवक पर प्रशासन की निगरानी और सख्त हो गई है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में निगरानी के लिए 15 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों के जरिए दूसरे राज्यों और सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले धान के वाहनों की जांच की जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। नियमों का उल्लंघन मिलने पर मौके पर ही धान जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं किसानों से अपील की गई है कि वे अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार ही धान उपार्जन केंद्रों में लाएं और विक्रय संबंधी नियमों का पालन करें।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.