हरदी में गूंजा कबड्डी का जोश, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला खेल का मंच
पूर्व जनपद उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बागबाहरा। ग्राम हरदी में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुकेश यादव ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण अंचलों की पहचान हैं। गांवों में होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होना चाहिए, ताकि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले और युवा खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सरपंच गिरीश पटेल, उपसरपंच रामकुमार पटेल, उमराव ध्रुव, स्वतंत्र पांडे, राहुल यादव, ग्राम पंचायत बरतुंगा के सरपंच भुनेश्वर ध्रुव, भूषण दीवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
