जल जीवन मिशन ने आसान बनाया जीवन, ग्राम भठलीखुर्द के घरों में नल से मिल रहा स्वच्छ पेयजल

ग्रामीणों को कतारों से मिली मुक्ति, साधना मानिकपुरी की समय और श्रम की हो रही बचत
मुंगेली 02 नवंबर 2026/जल जीवन मिशन ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ महिलाओं के दैनिक जीवन को भी आसान बना रहा है। पहले जहां घर की जरूरतों के लिए पानी लाने दूर जाना पड़ता था और सार्वजनिक जलस्रोतों पर लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब घर में ही नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से यह परेशानी दूर हो गई है। जिले के ग्राम भठलीखुर्द निवासी साधना मानिकपुरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें पानी लाने के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। वहां कई लोगों की भीड़ लगी रहती थी और पानी भरने के लिए कतार में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। इस काम में काफी समय और मेहनत लगती थी।
कई बार पानी लाने में ही दिन का महत्वपूर्ण समय निकल जाता था। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत अब उनके घर में ही नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे पानी लाने की पुरानी परेशानी से राहत मिली है। अब न तो दूर जाना पड़ता है और न ही कतार में लगकर इंतजार करना पड़ता है। समय और श्रम की बचत होने से घरेलू कार्यों को सुविधापूर्वक पूरा करने में मदद मिल रही है। साधना मानिकपुरी ने कहा कि घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से उनके दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन्हें भी पढ़े