4 नवंबर से घरघोड़ा में लगेगा कलेक्टर कैंप, दूरस्थ अंचलों के लोगों को मिलेगी राहत
हर बुधवार पहुंचेंगे कलेक्टर, राजस्व मामलों से लेकर जनशिकायतों तक होगी सुनवाई
रायगढ़, 2 नवम्बर 2026/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिकों के करीब पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। इसके तहत 4 नवंबर से प्रत्येक बुधवार को घरघोड़ा में कलेक्टर कैंप कोर्ट, जनदर्शन और विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
कैंप कोर्ट में घरघोड़ा, धरमजयगढ़ और लैलूंगा क्षेत्र के प्रथम एवं द्वितीय अपील के राजस्व प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। वहीं जनदर्शन में नागरिक सीधे कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं और शिकायतें रख सकेंगे। इस दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की जाएगी। कलेक्टर के साथ संबंधित शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। इस व्यवस्था से दूरस्थ अंचलों के लोगों को राजस्व मामलों और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आने की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं की सुनवाई और शासकीय कार्यों के निराकरण में तेजी आएगी।
