नवाचार को मिलेगी नई पहचान, युवाओं के नए विचारों पर 10 लाख का पुरस्कार
सकरी महाविद्यालय में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
30 अक्टूबर तक कर सकेंगे पंजीयन, 50 विजेताओं को मिलेंगे कुल 5 करोड़ रुपए के पुरस्कार
बिलासपुर, 28 अक्टूबर 2026/युवाओं और विद्यार्थियों में नवाचार एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने तथा उनके नए विचारों को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा शासकीय नवीन महाविद्यालय सकरी में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज 2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रबंधक श्रीमती रेवती कुमार लहरे एवं प्रबंधक छत्रपाल सिंह बिंझवार ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 विभिन्न क्षेत्रों से नए एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र से पांच-पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 50 विजेता चुने जाएंगे। प्रत्येक विजेता को 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के तहत कुल 5 करोड़ रुपए के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समाज एवं उद्योग जगत की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नए और अभिनव विचार प्रस्तुत करने तथा रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसमें विद्यार्थियों के अलावा अन्य इच्छुक प्रतिभागी एवं नवाचारकर्ता भी हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी sevainnovationchallenge.in पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता की जानकारी अपने परिचितों, अन्य संस्थानों एवं इच्छुक युवाओं तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पंजीयन के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच और नए विचारों को प्रोत्साहन मिलने से नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे।
