55 पटाखा दुकानों का लॉटरी से आवंटन, पारदर्शी प्रक्रिया में निकला बाजार
हाई स्कूल मैदान में लगेगा अस्थायी पटाखा बाजार, सभी आवेदकों को समान अवसर; सुरक्षा नियमों के पालन के निर्देश
महासमुंद। दीपावली पर्व को लेकर शहर के हाई स्कूल मैदान में लगने वाले अस्थायी पटाखा बाजार की 55 दुकानों का आवंटन बुधवार को लॉटरी सिस्टम से किया गया। नगर पालिका कार्यालय में अध्यक्ष निखिलकांत साहू की उपस्थिति में हुई इस प्रक्रिया में सभी आवेदकों के सामने पारदर्शी तरीके से दुकानों का आवंटन किया गया। लॉटरी पद्धति अपनाने का उद्देश्य सभी आवेदकों को समान अवसर देना और आवंटन प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की शिकायत की गुंजाइश नहीं रखना था।
नगर पालिका द्वारा दीपावली के अवसर पर अस्थायी पटाखा बाजार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों में से निर्धारित 55 दुकानों के लिए लॉटरी निकाली गई। पूरी प्रक्रिया नगर पालिका सभाकक्ष में खुले तौर पर संपन्न हुई, जिसमें पटाखा दुकान संचालकों के साथ नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के साथ बाजार को व्यवस्थित रखना नगर पालिका की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से दुकानों का आवंटन पारदर्शी तरीके से किया गया है। उन्होंने सभी आबंटित दुकानदारों से पटाखा बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा, राजस्व प्रभारी दिलीप चंद्राकर, राजस्व लिपिक गुमान ध्रुव, नौशाद बक्श सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं पटाखा दुकान संचालक उपस्थित रहे। नगर पालिका ने सभी आबंटित दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप व्यवसाय करने की अपील की।
