चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के मद्देनजर 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित

संभावित अतिवृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन ने लिया एहतियाती निर्णय
बिलासपुर, 28 अक्टूबर 2026/बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है। बच्चों की सुरक्षा और स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर संभावित अतिवृष्टि एवं प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।