चेकिंग देख बाइक मोड़कर भागे 4 गांजा तस्कर, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
दो केटीएम ड्यूक-250 से सोनपुर से वर्धा जा रहा था 10.470 किलो गांजा; 5 मोबाइल समेत 7.93 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
महासमुंद। अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस ने पलसापाली के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो केटीएम ड्यूक-250 बाइक पर सवार महाराष्ट्र के चार गांजा तस्करों को पीछा कर दबोच लिया। आरोपियों के पास से 10.470 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 5.23 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों बाइक, पांच मोबाइल समेत कुल 7 लाख 93 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर को पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट के पास संदिग्ध वाहनों की सघन जांच चल रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से दो बाइक क्रमांक एमएच -01 डीसी -5194 और एमएच -32 ऐक्यू-0464 तेज गति से आती दिखाई दीं। दोनों बाइक पर चार लोग सवार थे। पुलिस की चेकिंग देखकर बाइक सवार अचानक घबरा गए और बाइक मोड़कर वापस भागने का प्रयास करने लगे।
पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि भांपते ही तत्काल पीछा करना शुरू किया और कुछ दूरी पर दोनों बाइक को घेरकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो बैग से 10.470 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा सोनपुर (ओडिशा) से लेकर वर्धा (महाराष्ट्र) में बिक्री के लिए जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश खुंटे (24), प्रज्वल गावडे (25), अमन कुडमथे (25) और स्वप्निल आडे (25) के रूप में हुई है। चारों महाराष्ट्र के वर्धा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना बसना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत गिरफ्तार किया है।
