जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को सुगम बनाने की पहल

28 से 06 नवंबर तक आयोजित होगा शिविर
कलेक्टर ने दिव्यांगजनों से लाभ लेने की अपील
सूरजपुर/25 अक्टूबर 2026/ दिव्यांगजनों को सुगम आवागमन, दैनिक जीवन में सुविधा और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिले में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), के माध्यम से एडिप योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों के चिन्हांकन एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिले के पात्र दिव्यांग जनों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर इस पहल का लाभ लें।
शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन और वितरण सुनिश्चित किया जायेगा। ताकि दिव्यांगजनों को जरूरतों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
जिले में 28 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत भवन, प्रेमनगर में जनपद एवं नगर पंचायत क्षेत्र के लिए शिविर आयोजित होगा। इसी प्रकार 29 अक्टूबर को जनपद पंचायत ओड़गी क्षेत्र के लिए मंगल भवन, ओड़गी, 30 अक्टूबर को मंगल भवन, प्रतापपुर में जनपद पंचायत तथा नगर पंचायत प्रतापपुर, जरही एवं भटगांव क्षेत्र के लिए शिविर होगा। 04 नवंबर को मंगल भवन, भैयाथान में, 05 नवंबर को सामुदायिक भवन, कौशलपुर (रामानुजनगर) में तथा 06 नवंबर को मंगल भवन, सूरजपुर में संबंधित जनपद एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों के लिए शिविर आयोजित किया जायेगा।
शिविर में शामिल होने वाले पात्र दिव्यांगजन अपने साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र अथवा बीपीएल राशन कार्ड तथा पासपोर्ट साइज के दो फोटो लेकर निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचें। दस्तावेजों के आधार पर पात्रता का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उपकरणों के लिए चिन्हांकन की कार्यवाही की जाएगी।

इन्हें भी पढ़े