जशपुर से अब तक 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या में किए प्रभु श्रीरामलला के दर्शन
रामलला दर्शन योजना से श्रद्धालुओं को मिल रहा निःशुल्क दर्शन का लाभ
जशपुरनगर 25 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला के निःशुल्क दर्शन कराए जा रहे हैं।
इस योजना के माध्यम से जशपुर जिले के अब तक 3062 से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
इसी कड़ी में योजना के 16वें चरण के तहत आगामी 27 अक्टूबर को भी विभिन्न जनपद पंचायत और नगर पंचायत से कुल 204 श्रद्धालु रवाना होंगे।
जशपुर जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों, नगर पंचायतों एवं सियानगुड़ी के श्रद्धालुओं को भी अयोध्या दर्शन का लाभ ले चुके हैं।विगत दिवस जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत एवं नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ शासन उठा रहा यात्रा का पूरा खर्च
उल्लेखनीय है कि श्री रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के अयोध्या आने-जाने, ठहरने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था का खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन किया जाता है। इस योजना से श्रद्धालुओं को बिना आर्थिक बोझ के प्रभु श्री रामलला के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
सभी दर्शन प्राप्त कर चुके श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
