बिजली बंद होने पर भड़के लोग, सब स्टेशन में घुसकर ऑपरेटर से मारपीट

महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र के नवरंगपुर बिजली सब स्टेशन में ऑपरेटर के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोपियों पर गाली-गलौज और हाथ-मुक्के से मारपीट करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार सब स्टेशन नवरंगपुर में ऑपरेटर के रूप में पदस्थ मृत्युंजय पटेल ने शिकायत दर्ज कराई है कि 5 सितंबर को करीब 11 बजे नवरंगपुर निवासी खगेश्वर साहू बिजली बंद होने की बात को लेकर सब स्टेशन पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
करीब 11.15 बजे खगेश्वर साहू अपने साथ केशव साहू और राजेश साहू को लेकर फिर सब स्टेशन पहुंचा। तीनों ने ऑपरेटर के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की। मौके पर मौजूद सब स्टेशन कर्मचारी महेश चौहान और कुश कुमार भोई ने बीच-बचाव कर उन्हें वापस जाने कहा। शिकायत के मुताबिक इसके बाद करीब 1.30 बजे खगेश्वर साहू, राजेश साहू, केशव साहू और खीरसाय साहू फिर सब स्टेशन पहुंचे और ऑपरेटर के साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।