चार हजार की महुआ शराब जब्त, दो पर कार्रवाई

महासमुंद। बसना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के परिवहन और बिक्री के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने जीराडबरी-सावित्रीपुर जर्रा मार्ग पर एक व्यक्ति के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीराडबरी-सावित्रीपुर जर्रा मार्ग पर नीम पेड़ के पास एक व्यक्ति महुआ शराब लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम जर्रा निवासी चंद्रशेखर सिदार (32) बताया। तलाशी में उसके पास से 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पूछताछ में चंद्रशेखर ने बताया कि शराब उसे सावित्रीपुर निवासी आशाराम रात्रे (30) ने बिक्री के लिए उपलब्ध कराई थी। पुलिस के मुताबिक आशाराम ने सीजी 06 जीवाई 3416 वाहन से शराब परिवहन कर चंद्रशेखर के पास छोड़ी थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 42, 59(क) और 112 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।