खेत से सोलर पंप और केबल चोरी, दो नाबालिग पकड़े

महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम गिधामुड़ा में किसान के खेत से सोलर पंप, पाइप और केबल चोरी करने तथा सोलर पैनलों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिधामुड़ा निवासी बेदलाल साव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28-29 सितंबर की रात अज्ञात चोर उनके खेत से सोलर पंप, पाइप और केबल चोरी कर ले गए। चोरों ने सोलर पैनलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बस स्टैंड बसना के पास दो लड़के मोटरसाइकिल से घूम रहे हैं और चोरी के तांबे के केबल को सस्ते दाम पर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदेही बालकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने गिधामुड़ा के खेत से चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों को विधि से संघर्षरत बालक पाया। उनकी निशानदेही पर केबल, सोलर पंप और घटना में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई। दोनों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए किशोर न्याय बोर्ड महासमुंद के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।