दिव्यांगजनों के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष सुविधाओं की व्यवस्था
बिलासपुर, 25 सितम्बर 2026/दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने तथा उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। जिले में दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
विभाग द्वारा मूक-बधिर सहित अन्य दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। विभागीय कार्यक्रमों में मूक-बधिर दिव्यांगजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाती है। आवश्यकता के अनुसार कार्यक्रमों में विशेष शिक्षकों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि दिव्यांगजन कार्यक्रमों से सहज रूप से जुड़ सकें। विभाग ने बताया कि शिक्षित श्रवण बाधित व्यक्तियों के लिए लिखित रूप से संवाद की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग की वेबसाइट पर दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी विस्तार से उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांगजन वेबसाइट के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ ले सकते हैं।
