राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

शिविर में 612 मरीजों को मिली आयुष स्वास्थ्य सेवाएं
विशेषज्ञों ने आहार-विहार, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली पर दी जानकारी
गरियाबंद, 24 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय गरियाबंद के मंगल भवन, गांधी मैदान, में राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव उपस्थित थे। इस अवसर पर आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आईटीएस नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं नागरिक गण उपस्थित थेे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति होने के साथ स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की समग्र पद्धति है। उन्होंने कहा कि उचित खान-पान, नियमित दिनचर्या, योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखा जा सकता है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण चंद्राकर ने बताया कि आयुर्वेद स्वस्थ जीवनशैली एवं निरोगी जीवन के लिए उपयोगी है। उन्होंने बताया कि आयुष विभाग द्वारा आमजन तक आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।
ग्यारहवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं योग विशेषज्ञों ने आयुर्वेद, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। डॉ. अमित चंद्रवंशी ने आहार-विहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व के बारे में बताया। डॉ. वर्षा रात्रे ने सुप्रजा योजना तथा गर्भावस्था के दौरान उचित आहार-विहार की जानकारी दी। जिले की योग चिकित्सक डॉ. शिखा कुरेटी ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रिया वर्मा ने आयुर्वेद के इतिहास, विकास एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। शिविर प्रभारी डॉ. राजकुमार कनौजे ने जिले में संचालित विभिन्न आयुष योजनाओं के बारे में जानकारी दी। आयुष स्वास्थ्य शिविर में जिले के आयुर्वेद एवं होम्योपैथी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को चिकित्सीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में कुल 612 मरीज लाभान्वित हुए। मरीजों की सुविधा के लिए पैथोलॉजी जांच एवं नेत्र परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

इन्हें भी पढ़े