प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण : अपात्र परिवारों की सूची पर 15 दिन में दावा-आपत्ति का अवसर

8 अक्टूबर तक प्रस्तुत की जा सकेगी आपत्ति
आवास प्लस 2.0 के सर्वे के बाद ग्राम सभा से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर अपात्र परिवारों का तथ्य आवास पोर्टल पर अद्यतन
गरियाबंद 24 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के माध्यम से छूटे हुए पात्र परिवारों के सर्वे का कार्य जिले में किया गया है। सर्वे के बाद प्रगणक एवं चेकर द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके पश्चात भारत सरकार द्वारा जारी सूची को ग्राम सभाओं में वाचन, सत्यापन एवं अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया। ग्राम सभाओं से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर जिले के पांचों जनपद पंचायतों में कुल 2,607 परिवार अपात्र पाए गए हैं। इनमें छुरा जनपद पंचायत के 547, देवभोग के 304, फिंगेश्वर के 579, गरियाबंद के 768 तथा मैनपुर के 409 परिवार शामिल हैं। ग्राम सभा से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर संबंधित जनपद पंचायतों द्वारा अपात्र पाए गए परिवारों का तथ्य आवास पोर्टल पर अद्यतन किया गया है। आवास पोर्टल से इन परिवारों के नाम विलोपित किए जाने से पहले संबंधित परिवारों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जा रहा है। जिले के सभी जनपद पंचायतों से प्राप्त अपात्र परिवारों की सूची को 15 दिनों के लिए जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। सूची का अवलोकन जिले की वेबसाइट के साथ-साथ संबंधित कार्यालयों के सूचना पटल तथा संबंधित जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर किया जा सकता है। प्रकाशित सूची में शामिल जिन हितग्राहियों अथवा परिवारों को अपने नाम के संबंध में दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी है, वे 8 अक्टूबर 2026 तक शाम 5:30 बजे तक संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्ति आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित परिवारों से अपील की गई है कि वे प्रकाशित सूची का समय रहते अवलोकन करें और यदि उन्हें किसी प्रकार की आपत्ति है तो निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें।

इन्हें भी पढ़े