घर में घुसकर महिला को दी जान से मारने की धमकी

महासमुंद। ग्राम बिछिया टांडा में महिला और उसके पति को गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में बसना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार घटना 21 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे की है।
बिछिया टांडा निवासी संतोषी बंजारा अपनी डेढ़ साल की पुत्री के साथ घर पर थी। इसी दौरान गांव के दाउराम बंजारा और तुलसी बंजारा उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश और थाने में रिपोर्ट करने की बात को लेकर महिला से विवाद किया तथा जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद महिला का पति संत कुमार बंजारा खेत से घर लौटा, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर गली से महिला और उसके पति को गाली-गलौज की। महिला की शिकायत पर बसना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 3(5), 332(सी) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इन्हें भी पढ़े