ई-केवाईसी पूरा कराएं, योजनाओं का लाभ पाएं

जिले में 34 हजार से अधिक पंजीकृत श्रमिकों से ई-केवाईसी कराने की अपील
पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविर
गरियाबंद 23 सितंबर 2026/ श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। जिले में बड़ी संख्या में पंजीकृत श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने के कारण उनका पोर्टल पर सत्यापन एवं जानकारी अपडेट नहीं हो पा रही है। ऐसे श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग द्वारा सभी विकासखंडों में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
ई-केवाईसी से योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया होगी आसान –
श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंती बसंल ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों एवं उनके परिवारों को सहायता प्रदान की जाती है। डिजिटल व्यवस्था के तहत श्रमिकों की जानकारी को अद्यतन एवं सत्यापित रखने के लिए ई-केवाईसी आवश्यक है। ई-केवाईसी पूर्ण होने से पात्र श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया सुगम होगी और योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर सही तरीके से अपडेट हो सकेगी।
पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविर –
श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा सभी विकासखंडों में पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में वीएलई (ग्राम स्तरीय उद्यमी) के माध्यम से ई-केवाईसी एवं आवश्यक संशोधन संबंधी आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। श्रमिक अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर ई-केवाईसी से संबंधित प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। श्रम विभाग का उद्देश्य जिले के सभी पात्र पंजीकृत श्रमिकों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराना है, ताकि तकनीकी या दस्तावेजी जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण कोई भी पात्र श्रमिक अथवा उसका परिवार विभागीय कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। श्रम पदाधिकारी गरियाबंद ने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे विशेष शिविरों में पहुंचकर ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूर्ण कराएं और विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अपनी जानकारी अद्यतन रखें।

इन्हें भी पढ़े