राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप में महासमुंद के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
भरत साहू ने जूनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर चौथी बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाई जगह, जिले के खिलाड़ियों ने जीते कई पदक
महासमुंद। छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 18 से 20 सितंबर तक सीएसईबी जूनियर क्लब, सीएसईबी कॉलोनी, निहारिका कोरबा में 7वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप (पुरुष वर्ग) 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर वर्ग की टीमों ने प्रशिक्षक एवं टीम मैनेजर के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया। जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
भरत साहू ने जीते दो स्वर्ण, चौथी बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
बागबाहरा निवासी भरत साहू, पिता चंद्रप्रकाश साहू ने जूनियर वर्ग के ट्रेडिशनल योगासन में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में भी प्रथम स्थान हासिल किया। लगातार राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए भरत साहू ने स्वर्ण पदक जीतकर चौथी बार राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।
अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
सब-जूनियर वर्ग में चिन्मय साहू, पिता चंद्रशेखर साहू ने ट्रेडिशनल योगासन में प्रथम स्थान तथा आर्टिस्टिक सिंगल में तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर बी ट्रेडिशनल योगासन में बसंत कुमार साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सब-जूनियर आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में कुंदन साहू एवं हेमांशु साहू की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर रिदमिक पेयर योगासन में लाकेश्वर चक्रधारी एवं दीपेश चक्रधारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर आर्टिस्टिक योगासन में देवेंद्र कुमार दीवान, पिता टीकम सिंह ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
जिले की टीम में शामिल खिलाड़ी
सब-जूनियर बालक टीम में आदित्य पटेल, चिन्मय साहू, हेमांशु साहू, कुंदन साहू, लाकेश्वर कुमार एवं दीपेश शामिल रहे। जूनियर वर्ग में भरत साहू ने ट्रेडिशनल एवं आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में भाग लिया। सीनियर एवं मास्टर वर्ग की पुरुष टीम में देवेंद्र दीवान, बसंत कुमार, संदीप पटले एवं रवि लाल चौहान ने प्रतिनिधित्व किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण मनोज धृतलहरे, डॉ. मेजर सिंह, सचिव गणेश कोसरे, हिरेंद्र देवांगन, कोषाध्यक्ष सेवन दास मानिकपुरी सहित संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, पालकों एवं खिलाड़ियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
