जल जीवन मिशन का क्रियान्वयन सफल
ग्राम नोरली में पहुंचा स्वच्छ पेयजल
दंतेवाड़ा, 21 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 25 सेवा गतिविधियों में इसमें जल संरक्षण, जल स्रोत स्थायित्व तथा वर्षा जल भण्डारण को भी प्रमुखता दी गई है। इस क्रम में भारत सरकार की जल जीवन मिशन योजना का प्रमुख लक्ष्य सभी घरों तक कार्यशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य पूर्ति हेतु जिले में भी प्रशासन द्वारा ’’जल जीवन मिशन’’ योजना को गांव के प्रत्येक घर के आगन तक पहुंचाने हेतु सम्पूर्ण निष्ठा से कार्यरत है। ’’जल जीवन मिशन’’ का सफल क्रियान्वयन विकासखंड गीदम के ग्राम पंचायत हिड़पाल के आश्रित ग्राम नोरली में भी सफलतापूर्वक किया गया है। आश्रित ग्राम नोरली कि बसाहट की बात की जाए तो यहां एक पारा और कुल घरो की संख्या 13 है। जिसमे से कुल 09 घर पहाड पर बसे हैं। यहां के मुख्य रहवासी जनजातीय लोगों की आजीविका का मुख्य स्रोत वनोत्पाद और खेती है।
यहां की प्रमुख समस्या पीने के पानी की रही थी। गांव में कोई स्थायी स्रोत नहीं था। ग्रामीण जंगल के स्थायी स्रोत चुंआ (कुंआ) से पानी लाते थे जिसका पानी जुलाई अगस्त में गंदला हो जाता था और मई, जून की भीषण गर्मी में सूख जाता था। इसके बाद ग्रामीणों को पहाड़ों पर स्थित दूसरे चुंआ या उबड़ खाबड़ रास्तों से दूर तक चलकर पानी लाने की मजबूरी हमेशा से रही थी। परन्तु अब स्थिति बदल चुकी है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत नोरली ग्राम में पाइप लाइन बिछाकर सोलर के माध्यम से जलापूर्ति निर्बाध रूप से किया गया है।
जल जीवन मिशन अंतर्गत सोलर से जलापूर्ति
इसी तथ्य और ग्राम नोरली के आए बदलाव के संदर्भ में यहां के ग्रामीण बुदरू राम लेकामी बताते है कि पहले हमारा जीवन ऐसा नहीं था। आज दुनिया आधुनिक तरक्की कर रही है लेकिन हम इस चुंआ का ठहरा हुआ पानी पीते और दैनिक उपयोग करते थे। परन्तु अब घर में ही साफ पानी मिलने से पत्नी और बच्चों के साथ पानी भरने घर से दूर नहीं जाना पड़ता। अब तो घर के आंगन में नल से साफ पानी मिल रहा है, साथ ही इसी पानी से घर की सब्जी उगा कर लाभ ले रहे हैं साथ ही अब साफ पानी पीने से स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है।
ग्राम पंचायत हिडपाल, आश्रित ग्राम नोरली की महिला सरपंच श्रीमती पार्वती लेकामी ने भी बताती है कि ग्राम में जल जीवन मिशन योजना के आने से बुदरू राम लेकामी की तरह सभी ग्रामीण जन एवं विशेषकर महिलाएं अत्यंत खुश है। अब हर दिन नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आवश्यकतानुसार उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों को अब दूर से पानी लाने की जरूरत नहीं और अब घर के शौचालय का उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीण जनों में खुशहाली है। अब गांव में आर्थिक सुदृढता के साथ स्वस्थ समाज का विकास हो रहा है। यह एक बहुत बड़ा परिवर्तन है। आश्रित ग्राम नोरली की यह कहानी दर्शाती है कि जल जीवन मिशन जैसे प्रयास दूरस्थ और कठिन क्षेत्रों में भी जीवन को बदलने की क्षमता रखते हैं। यह पहल न केवल पानी की समस्या का समाधान बनी, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह सेवा संकल्प अभियान की पहल का उल्लेखनीय परिर्वतनकारी स्वरूप को दर्शाता है।
