सेवा संकल्प अभियान – सांकरदाहरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित
आकर्षक रंगोली और दीपों की रोशनी से जगमगाया नदी तट, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर हुआ परिसर
राजनांदगांव 21 सितम्बर 2026।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डोंगरगांव विकासखंड के सांकरदाहरा में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध एवं धार्मिक आस्था स्थल सांकरदाहरा शिवनाथ नदी के किनारे स्थिति है। कार्यक्रम के दौरान नदी किनारे आकर्षक रंगोली सजाई गई और 7 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों के एक साथ प्रज्वलित होने से सांकरदाहरा का नदी तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। नदी किनारे सजाई गई रंगोली और दीपों की मनमोहक कतारों ने पूरे परिसर को आकर्षक एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के माध्यम से सांकरदाहरा में सामूहिक सहभागिता, आस्था और सेवा की भावना का सुंदर संगम देखने को मिला। दीप प्रज्वलन के इस आयोजन ने क्षेत्रवासियों में उत्साह का संचार किया। नदी तट पर हजारों दीपों की रोशनी का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इस मनोहारी पल को अपने कैमरों में भी कैद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
