सेवा संकल्प अभियान में गूंजा नमो सेवा – अनकही कहानियां

नुक्कड़ नाटक के जरिए शासकीय योजनाओं, सेवा-समर्पण और जनभागीदारी का दिया गया संदेश
राजनांदगांव, 21 सितम्बर 2026।सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगांव एवं राजनांदगांव विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा नमो सेवा – अनकही कहानियां विषय पर नुक्कड़ नाटक की प्रभावी प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, समर्पण, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सहभागिता का संदेश दिया।
डोंगरगांव विकासखंड के पीएमश्री स्कूल डोंगरगांव एवं नीरज विद्यामंदिर के विद्यार्थियों ने शहर के चौक पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जनसेवा एवं समाज के विकास में जनभागीदारी के महत्व को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति में सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसी क्रम में ग्राम करमतरा में ग्राम पंचायत भवन के समीप स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। पंचायत के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नाटक का अवलोकन किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। वहीं राजनांदगांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अंजोरा एवं पूर्व माध्यमिक शाला खपरीकला के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वर्ष 2047 के विकसित भारत की संकल्पना, शासन की योजनाओं एवं सेवा भावना पर आधारित संदेश प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अभिनय एवं संवाद के माध्यम से वर्तमान उपलब्धियों के साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं एवं आम नागरिकों की भूमिका को रेखांकित किया। इस दौरान ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन नुक्कड़ नाटकों का उद्देश्य सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक सरल एवं प्रभावी माध्यम से पहुंचाना तथा आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास गतिविधियों से जोडऩा है। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में सेवा भावना, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश प्रसारित किया गया।

इन्हें भी पढ़े