दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन 30 तक

कोण्डागांव, 17 सितम्बर 2026/ एनएसपी पोर्टल के माध्यम से कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन कोण्डागांव समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान करने के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राएं 30 सितम्बर 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्रवृत्ति हेतु आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को सर्वप्रथम नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करना होगा। इसके पश्चात अप्लाई टू स्कॉलरशिप विकल्प में लॉगिन कर आधार का सत्यापन एवं आवश्यक जानकारी दर्ज करते हुए आवेदन पूर्ण करना होगा। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, नवीनतम आय प्रमाण-पत्र तथा पूर्व वर्ष की अंकसूची सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था द्वारा आवेदन का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन उपरांत आवेदन समाज कल्याण विभाग, जिला कोण्डागांव के आईडी में अग्रेषित किया जाएगा। इसके बाद पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी।समाज कल्याण विभाग ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में एनएसपी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा समस्या के लिए समाज कल्याण विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

इन्हें भी पढ़े