खाद्य विक्रेताओं के लिए दो दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित
260 स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने सीखा सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन परोसने का तरीका
उत्तर बस्तर कांकेर 11 सितम्बर 2026/जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग कांकेर द्वारा स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं पथ खाद्य विक्रेताओं के लिए दो दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण का आयोजन पुराना कम्युनिटी हॉल में किया गया। प्रशिक्षण “सर्व सेफ फूड, सुरक्षित भोजन परोसना एवं बेचना” विषय पर दिया गया। उक्त प्रशिक्षण में जिले के 260 स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने भाग लेकर सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन तैयार करने और परोसने के आवश्यक तौर-तरीके सीखे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अभिहित अधिकारी सुस्मित देवांगन ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी, एनिमेटेड वीडियो एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के बुनियादी मानकों को सरल तरीके से समझाया गया, ताकि विक्रेता इनका आसानी से पालन कर सकें। यह प्रशिक्षण खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा नेस्ले एवं नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में नियमों को केवल लागू कराने के बजाय खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वयं प्रेरित होकर सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य व्यवहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसके अलावा फुटपाथ दुकानदारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन परोसने की आदत विकसित करने, खाद्य गुणवत्ता में सुधार, ग्राहकों का विश्वास बढ़ाने, खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम, आजीविका एवं रोजगार को बेहतर बनाने तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर स्ट्रीट फूड वेंडर्स को निःशुल्क हाईजीन किट प्रदान की गई, जिसमें एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर एवं हेडगियर तथा गोल्डन रूल्स बुकलेट शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स को भविष्य में स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा हाईजीन किट का उपयोग करने के निर्देश दिए। स्वच्छता में लापरवाही, हाइजीन किट का उपयोग नहीं करने अथवा खाद्य प्रतिष्ठान में अव्यवस्था पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
