बहन से बातचीत करने पर टोका तो युवक से मारपीट, तीन के खिलाफ मामला

महासमुंद। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बहन से बातचीत करने को लेकर युवक द्वारा टोकने पर विवाद हो गया। विवाद के दौरान तीन युवकों समेत अन्य साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वार्ड क्रमांक 23 निवासी निखिल तांडी ने पुलिस को बताया कि 8 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे वह घर के सामने नहर के पास अपने दोस्त मोहित महानंद के साथ बैठा था। इसी दौरान सत्यम, अमन और उनके अन्य साथी वहां पहुंचे। निखिल ने सत्यम से उसकी बहन से बातचीत करने को लेकर सवाल किया। इस बात पर सत्यम, अमन और उनके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।