पंचशील क्लब में बनेगा सामुदायिक भवन, नपा अध्यक्ष ने किया भूमिपूजन

वार्ड 26 के लोगों को सामाजिक आयोजनों और बैठकों के लिए मिलेगी सुविधा, अध्यक्ष बोले- सभी वर्गों के उपयोग में आएगा भवन
महासमुंद। वार्ड क्रमांक 26 स्थित पंचशील क्लब के पास आंगनबाड़ी केंद्र के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने वार्ड पार्षद पीयूष साहू के साथ विधि-विधान से किया। सामुदायिक भवन के निर्माण से वार्डवासियों को सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, महिला समूहों की गतिविधियों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
भूमिपूजन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और जनसुविधा का केंद्र होता है। वार्ड में लंबे समय से ऐसे सार्वजनिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए निर्माण की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के साथ ऐसे सार्वजनिक भवन भी विकसित किए जाएं, जिनका लाभ सभी वर्गों को मिल सके। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
वार्ड पार्षद पीयूष साहू ने सामुदायिक भवन की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने पर वार्डवासियों को बधाई देते हुए कहा कि भवन बनने के बाद सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, सभापति ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद शुभ्रा मनीष शर्मा, सीता तोंडेकर, नीरज चंद्राकर, चंद्रशेखर बेलदार, धनेश्वरी सोनवानी, सुनैना ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि हफीज कुरैशी, एल्डरमैन लालविजय सिंह देव, मधु यदु, हनिश बग्गा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा रात्रे, सहायिका अहिल्या मरकाम और बड़ी संख्या में वार्ड की महिलाएं एवं वार्डवासी मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े