पोरा तिहार पर विधायक सिन्हा ने सपत्नीक की पूजा-अर्चना
बोले- तीज-त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं को पीढ़ियों से जोड़कर रखने का काम करते हैं
महासमुंद। प्रदेशभर में पोरा तिहार हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सपत्नीक अपने कार्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पर्व मनाया और प्रदेशवासियों को पोरा तिहार की शुभकामनाएं दीं। इससे पहले विधायक सिन्हा ने स्थानीय बाजार पहुंचकर पोरा तिहार के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी भी की। पूजा-अर्चना के बाद भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक सिन्हा को पर्व की बधाई दी।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि पोरा तिहार किसानों के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। इस दिन कृषि कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बैलों की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि धान की फसल के गर्भ धारण करने की मान्यता से भी इस पर्व का संबंध है। प्रत्येक वर्ष भाद्रपद माह की अमावस्या को पोरा तिहार मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि गांवों में किसान सुबह से ही बैलों को नहला-धुलाकर सजाते हैं और इसके बाद विधि-विधान से उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। पूजा के बाद घरों में बनाए गए पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन बैलों को खिलाए जाते हैं। कई गांवों में पोरा के अवसर पर बैल दौड़ जैसे पारंपरिक आयोजनों का भी आयोजन होता है। वहीं शहरों में मिट्टी के बैलों की पूजा कर लोग अपनी परंपरा और संस्कृति का निर्वहन करते हैं।
विधायक ने कहा कि पोरा तिहार केवल एक पर्व नहीं, बल्कि खेती-किसानी, पशुधन और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़ी परंपरा है। हमारी संस्कृति को सुदृढ़ करने में तीज-त्योहारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और मूल संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुन्ना साहू, हरवंश सिंह (नानू भाई), संदीप घोष, राधेश्याम साहू, पार्वती साहू, पीयूष साहू, सुरेश कुमार साहू, दिनेश रूपरेला, गुड्डा सिन्हा सहित भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
