चोरी की वारदातों से सवालों के घेरे में पुलिस गश्त

बेमचा में परिवार की गैरमौजूदगी में मकान का ताला तोड़कर नकदी-जेवर पार, सालडबरी में भी घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी; खोपली पड़ाव में आरक्षक की स्कूटी ले उड़े चोर
महासमुंद। जिले में चोरी की वारदात पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बागबाहरा थाना क्षेत्र के सालडबरी और महासमुंद सिटी कोतवाली क्षेत्र के बेमचा में चोरों ने घरों को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। वहीं खोपली पड़ाव स्थित ढाबे के सामने से एक आरक्षक की स्कूटी चोरी हो गई। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बेमचा में परिवार बाहर गया, पीछे से ताला तोड़कर चोरी
वार्ड-19 वर्धमान नगर बेमचा निवासी महिला 28 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने बिरबिरा तुमगांव गई थी। 30 अगस्त की शाम करीब 5 बजे घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा था और आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर एक सोने की अंगूठी, तीन सोने की फूल्ली, 12 चांदी की बिछिया, दो जोड़ी चांदी की पायल, सात चांदी के सिक्के और 12 हजार रुपए नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35,500 रुपए बताई गई है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सालडबरी में भी सोने-चांदी के जेवर चोरी
उधर, बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सालडबरी निवासी नरेंद्र कुमार साहू (38) के घर से भी चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। शिकायत के अनुसार घर से सोने की मराठी माला, दो नग सोने के गेहूं दाना, चांदी का लॉकेट, एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया गायब मिले। 28 अगस्त को सामान की जांच के दौरान चोरी का पता चला। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत करीब 15,900 रुपए बताई गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ढाबे के सामने से आरक्षक की स्कूटी पार
चोरों ने खोपली पड़ाव स्थित एक ढाबे के सामने से सिटी कोतवाली में पदस्थ आरक्षक की स्कूटी भी चोरी कर ली। दारगांव निवासी आरक्षक के अनुसार उसने 2 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 06 जीक्यू 5160 को ढाबे के सामने लॉक कर खड़ा किया था। स्कूटी की डिक्की में पुलिस वर्दी, पर्स, शासकीय मोबाइल और जरूरी दस्तावेज रखे थे। खाना खाने के बाद करीब 3 बजे बाहर आया तो स्कूटी मौके से गायब थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही वारदातों के बीच सवाल यह है कि जब आम लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मी की स्कूटी भी सार्वजनिक स्थान से सुरक्षित नहीं है, तो शहर और ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त की प्रभावशीलता कितनी है?